बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएगा: खेल मंत्री ने BCB के फैसले की सराहना की; मुस्तफिजुर को IPL से हटाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया।
बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं आएगा
बांग्लादेश की टीम टी-20 वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं आएगी। यह जानकारी बांग्लादेशी अखबार The Daily Star ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के एक अधिकारी के हवाले से दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने के बाद BCB ने यह फैसला लिया है।
BCB ने ICC से कहा है कि उनके मैच श्रीलंका में कराए जाएं। अब यह ICC पर निर्भर करेगा कि क्या बांग्लादेश के मैच वाकई श्रीलंका में होंगे। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं, यूनुस सरकार में खेल सलाहकार (खेल मंत्री) आसिफ नजरुल ने ट्वीट के जरिए BCB के इस कदम का स्वागत किया है।
टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। मैचों का शेड्यूल बदलना आसान नहीं है, क्योंकि सभी टीमों के टिकट पहले से बुक हैं।
बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज के सभी चार मुकाबले भारत में शेड्यूल थे — तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना था।

मुस्तफिजुर विवाद के बाद BCB का भारत नहीं आने का फैसला
दरअसल, विवाद की शुरुआत मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने के फैसले से हुई। केकेआर ने उन्हें पिछले महीने मिनी नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन BCCI के निर्देश पर केकेआर ने इस बांग्लादेशी गेंदबाज को टीम से बाहर कर दिया।
मुस्तफिजुर को लेने पर भारत में विरोध हुआ, और कई राजनेताओं और कथावाचकों ने केकेआर के मालिक शाहरुख खान को घेरा। इस फैसले के बाद BCB नाराज हो गया और यही कारण है कि उसने टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया। हालांकि, इस मामले पर आखिरी फैसला ICC को लेना है।
BCCI की प्रतिक्रिया
जब BCB ने टी-20 विश्व कप मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की बात कही, तो BCCI ने प्रतिक्रिया दी। सूत्रों के अनुसार,
“आप किसी की मनमर्जी पर टूर्नामेंट का शेड्यूल नहीं बदल सकते। यह बड़ी समस्या है। विपक्षी टीमों के हवाई टिकट, होटल सब पहले से बुक हैं। हर दिन तीन मैच हैं, प्रसारण टीम भी मौजूद है। इसलिए कहना आसान है, करना मुश्किल। टूर्नामेंट में अब बदलाव असंभव है, क्योंकि शुरू होने में केवल एक महीना बाकी है।”